इतिहास के पन्नों में 04 अक्टूबर : गिरफ्तारी के 16 घंटे बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी रिहा

03 Oct 2026 13:02:53
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी


3 अक्टूबर 1977 को भारतीय राजनीति में बड़ी हलचल हुई, जब देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को गिरफ्तार किया गया, हालांकि, पुख्ता सबूतों के अभाव के कारण उन्हें मात्र 16 घंटे बाद ही रिहा कर दिया गया। उन पर 1977 के चुनाव प्रचार के दौरान रायबरेली के लिए लगभग 100 जीपें खरीदने में भ्रष्टाचार और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप था।

उनकी हिरासत की अवधि लगभग 16 से 17 घंटे की थी। पर्याप्त सबूत और ठोस आधार न मिलने के कारण अगले दिन (4 अक्टूबर को) मजिस्ट्रेट ने उन्हें रिहा कर दिया। इस छोटी-सी गिरफ्तारी ने उन्हें भारी जनसमर्थन और सहानुभूति दिलाई, जिसे बाद में जनता पार्टी की बड़ी राजनीतिक भूल या 'ऑपरेशन ब्लंडर' कहा गया।

प्रमुख घटनाएं 1302 - बैजेंटाइन साम्राज्य और वेनिस गणराज्य के बीच ऐतिहासिक शांति समझौता ।

1535 - माइल्स कवरडेल द्वारा अनुवादित पहली पूरी अंग्रेजी बाइबिल पहली बार प्रिंट की गई।

1582 - पोप ग्रेगरी तेरहवें द्वारा ग्रेगोरियन कैलेंडर की शुरुआत की गई।

1824 - मेक्सिको एक नया संविधान अपनाकर संघीय गणराज्य बना। 1830 - नीदरलैंड से अलग होकर बेल्जियम स्वतंत्र साम्राज्य बना।

1957 - सोवियत संघ (रूस) ने दुनिया का पहला कृत्रिम उपग्रह स्पुतनिक 1 अंतरिक्ष में लॉन्च किया, जिससे अंतरिक्ष युग की शुरुआत हुई। 1963 - क्यूबा और हैती में विनाशकारी चक्रवाती तूफान 'फ्लोरा' आया, जिससे लगभग 6,000 लोगों की मौत हो गई। 1974 - भारत ने दक्षिण अफ्रीका की रंगभेद नीति के विरोध में वहां आयोजित वाले डेविस कप के फाइनल में खेलने से इनकार कर दिया था।

1977 - भारत के तत्कालीन विदेश मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक को पहली बार हिंदी में संबोधित किया।

1977 - भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को राजनीतिक भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जिन्हें 16 घंटे बाद रिहा कर दिया गया।

1996 - पाकिस्तान के 16 वर्षीय बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में मात्र 37 गेंदों में शतक बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। 2006 - ऑस्ट्रेलियाई प्रोग्रामर जूलियन असांजे ने प्रसिद्ध व्हिसलब्लोअर वेबसाइट विकीलीक्स की स्थापना की। 2008 - अमेरिका की तत्कालीन विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस भारत-अमेरिका परमाणु समझौते के सिलसिले में एक दिवसीय यात्रा पर भारत आईं।

2011 - भारत के शीर्ष डबल ट्रैप निशानेबाज रंजन सोढ़ी ने संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित विश्व कप मुकाबले में चीन को हराया। 2012 - फार्मूला वन (एफ1) के महानतम ड्राइवरों में शुमार माइकल शूमाकर ने रेसिंग से अपने संन्यास की घोषणा की।

जन्म 1181 - सेंट फ्रांसिस ऑफ असीसी, इटली के प्रसिद्ध कैथोलिक संत और फ्रांसिस्कन ऑर्डर के संस्थापक। 1822 - रदरफोर्ड बी. हेस, संयुक्त राज्य अमेरिका के 19वें राष्ट्रपति।

1857 - श्यामजी कृष्ण वर्मा, प्रसिद्ध भारतीय स्वतंत्रता सेनानी, क्रांतिकारी और लेखक।

1884 - आचार्य रामचंद्र शुक्ल, हिंदी के महान साहित्यकार, इतिहासकार और प्रख्यात आलोचक। 1927 - सरला ग्रेवाल, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में भारत की दूसरी महिला अधिकारी और मध्य प्रदेश की पूर्व राज्यपाल। 1931 - संध्या मुखर्जी, प्रसिद्ध हिंदी और बांग्ला पार्श्वगायिका।

निधन 1947 - माक्स प्लांक, महान जर्मन भौतिक विज्ञानी और क्वांटम सिद्धांत के जनक।

1968 - बाबा हरभजन सिंह, भारतीय सेना के एक प्रतिष्ठित सैनिक। 1970 - जेनिस जोप्लिन, अमेरिकी रॉक सिंगर और अपने समय की बेहद लोकप्रिय महिला संगीतकार। 2004 - नीलमणि राउतरे - ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनीतिज्ञ।2011 - भागवत झा आजाद, स्वतंत्रता सेनानी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री।

2015 - इदिदा नागेश्वर राव, भारतीय फिल्म निर्देशक और निर्माता।

महत्वपूर्ण अवसर

- विश्व पशु कल्याण दिवस - राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0