मॉस्को/कीव, 03 अक्टूबर (हि.स.)। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य शहरों में लक्षित जवाबी हमले जारी रखने की चेतावनी देते हुए विदेशी नागरिकों और राजनयिकों से कीव छोड़ने का आग्रह किया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन के हमलों के जवाब में रूसी सेना सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई जारी रखेगी।
रूसी विदेश मंत्रालय ने विदेशी नागरिकों, खासकर राजनयिक मिशनों के कर्मचारियों, से यूक्रेन में रहने या वहां की यात्रा करने से बचने को कहा। मंत्रालय के मुताबिक, चेतावनी की अनदेखी करने वालों को संभावित प्रतिकूल परिणामों की जिम्मेदारी स्वयं उठानी होगी।
यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब कीव में बुनियादी ढांचे पर रूसी हमले तेज हुए हैं। शनिवार को निप्रो नदी पर बने नॉर्दर्न ब्रिज को रूसी हवाई हमले में नुकसान पहुंचा। कीव के मेयर विताली क्लित्श्को के अनुसार, पुल की सड़क और ट्रॉलीबस की बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात रोक दिया गया।
पिछले दिनों निप्रो नदी के साउदर्न ब्रिज समेत राजधानी के अन्य पुल भी हमलों से प्रभावित हुए हैं, जिससे शहर के यातायात पर असर पड़ा है। करीब 30 लाख आबादी वाले कीव में बुनियादी ढांचे पर बढ़ते हमलों ने आने वाली सर्दियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी हाल में कहा था कि यूक्रेन को रूस पर किए गए हमलों की कीमत चुकानी पड़ रही है और मॉस्को की सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। रूस का कहना है कि उसके हमले सैन्य ठिकानों और संबंधित ढांचे को निशाना बनाते हैं।
दूसरी ओर, यूक्रेन रूस पर नागरिक और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाता रहा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमले तेज करने का आरोप लगाते हैं और नागरिकों या नागरिक बुनियादी ढांचे को जानबूझकर निशाना बनाने से इनकार करते हैं।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय