हूती विद्रोहियों का दावा- सऊदी अरब ने यमन की राजधानी पर किए 26 हमले

03 Oct 2026 23:58:53

सना, 03 अक्टूबर (हि.स.)। यमन में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष एक बार फिर तेज होता दिख रहा है। हूती समूह ने शनिवार को दावा किया कि सऊदी अरब ने राजधानी सना पर 26 हवाई हमले किए। हूती समर्थित अल-मसीरा टीवी ने इन हमलों की जानकारी दी, हालांकि हमलों में किसी के हताहत होने या संपत्ति को हुए नुकसान का तत्काल ब्योरा नहीं दिया गया।

हूती मीडिया के अनुसार, सऊदी विमानों ने राजधानी के अलग-अलग हिस्सों को निशाना बनाया। सना में मौजूद पत्रकारों ने भी तेज धमाकों की आवाज सुनने और विमानों से मिसाइलें दागे जाने की जानकारी दी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब यमन में जुलाई में संघर्ष दोबारा भड़कने के बाद दोनों पक्षों के बीच सैन्य कार्रवाई बढ़ गई है। हूती विद्रोही देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और सना पर नियंत्रण रखते हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार को सऊदी अरब का समर्थन प्राप्त है।

हूतियों ने हाल के दिनों में सऊदी क्षेत्र में भी हमलों का दावा किया है। शनिवार को सऊदी अरब के रियाद के दक्षिण में सरकारी तेल कंपनी अरामको की एक सुविधा के पास आग और धुआं दिखाई देने की खबर सामने आई। हालांकि, सऊदी अधिकारियों और अरामको ने तत्काल आग के कारण की पुष्टि नहीं की और किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी भी नहीं ली।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0