सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर चेन्नई में इंडी गठबंधन की बैठक, पहली बार शामिल हुआ टीवीके

03 Oct 2026 14:28:53
इंडिया गठबंधन के दलों की सलाहकार बैठक


चेन्नई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर चेन्नई में शनिवार को विपक्षी भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडी) दलों की सलाहकार बैठक हुई। चेन्नई स्थित सत्य भवन में सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई बैठक में तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) ने पहली बार हिस्सा लिया।

बैठक में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माणिक्कम टैगोर, वीसीके अध्यक्ष थोल. थिरुमावलवन, एमडीएमके अध्यक्ष वाइको, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव पी. शनमुगम, टीवीके नेता आधव अर्जुन और मुस्लिम लीग के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम और इससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन हुआ था। इसके बाद आम आदमी पार्टी, भारतीय छात्र संघ, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ और अखिल भारतीय छात्र संघ समेत विभिन्न संगठनों ने गांधी जयंती पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन का आह्वान किया था। प्रदर्शन की कोशिश के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया था।

चेन्नई में हुई आज की बैठक में आगे के कार्यक्रम और विभिन्न दलों के बीच समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में टीवीके की पहली भागीदारी को प्रमुख राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0