चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब में गुलजार सिंह और नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की मौत के मामलों के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनके परिवारों को एक्स श्रेणी की सुरक्षा देने की मंजूरी दी है।
गुलजार सिंह ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की मौजूदगी में आयोजित एक बैठक के दौरान नशे की समस्या को लेकर चिंता जताई थी। इसके अगले ही दिन गुलजार सिंह मृत पाए गए थे। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की मानसा में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इन घटनाओं के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे थे। पीड़ित परिवारों ने न्याय की मांग की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। अपनी पिछली पंजाब यात्रा के दौरान अमित शाह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात भी की थी और उनकी समस्याएं सुनी थीं।
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही में पंजाब सरकार के सचिव से गुलजार सिंह, परविंदर सिंह झोटा और गुरदासपुर के बिक्रमजीत सिंह की मौत से जुड़ी परिस्थितियों का विस्तृत विवरण मांगा था।
--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH