
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को ‘सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी’ की ओर से आयोजित मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम को देखने पहुंचे भाजपा महासचिव हरीश द्विवेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह अपनी कमियों को छिपाने के लिए सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, संविधान और ईवीएम जैसी संवैधानिक व्यवस्थाओं पर आरोप लगाती है।
भाजपा सांसद ने कहा कि देश में जिस तरह अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, उसकी लोकतंत्र में कोई जगह नहीं है।
उन्होंने ‘सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी’ के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से लोकतंत्र और अराजकता के बीच अंतर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम की चर्चा पूरे देश में हुई है और मीडिया ने भी इसे प्रमुखता से दिखाया है।
कांग्रेस के जन महाभियोग कार्यक्रम रद्द होने पर उन्होंने कहा कि मॉक पार्लियामेंट के आयोजन के बाद कांग्रेस हताशा और निराशा में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब भी चुनाव हारती है, तो अपनी कमियों पर विचार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगती है। कभी सुप्रीम कोर्ट, कभी चुनाव आयोग, कभी संविधान और कभी ईवीएम को लेकर आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस राजनीति को देश की जनता समझ चुकी है।
भाजपा महासचिव ने कहा कि इस मॉक पार्लियामेंट का संदेश देशभर में पहुंचा है। टेलीविजन और प्रिंट मीडिया ने भी इसे दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करेगी।
उल्लेखनीय है कि सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी की ओर से नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘ मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र, शासन व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा को बढ़ावा देना है।
संसद की कार्यवाही और बहस की परंपरा को जीवंत रूप देने के उद्देश्य से आयोजित इस मॉक पार्लियामेंट में प्रतिभागियों को अपने विचार रखने, सवाल उठाने और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने का अवसर मिला। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का मकसद प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक सार्थक मंच उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी