ऐसा लगता है राहुल गांधी पाकिस्तान से आकर राजनीति कर रहे हैं : मोहन यादव

30 Oct 2026 17:06:53
इंदौर में आयोजित लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री


उज्जैन में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री


इंदौर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी पाकिस्तान से आकर राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा ने शुक्रवार को इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। सुभाष नगर चौराहे से शुरू हुई यात्रा पाटनीपुरा चौराहे पर समाप्त हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विप्लब देव, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य नेता शामिल हुए। बड़ी संख्या में साधु-संत और किन्नर समाज के लोग भी पहुंचे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से मौजूद लोगों को शपथ दिलाई। इसमें कहा गया कि हम भारत के संविधान, विधि के शासन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। जनादेश का अपमान करने और देश में अराजकता फैलाने वाली हर साजिश का डटकर विरोध करेंगे। हम अपनी युवा पीढ़ी को भ्रम और भटकाव से बचाकर सही दिशा देंगे। स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेंगे। हम लोकतंत्र बचाएंगे और अराजकता हटाएंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सेना सहित हर मुद्दे पर राहुल गांधी की नादानियां सवाल खड़े करती हैं। ऐसा लगता है कि राहुल गांधी इस देश के नहीं, बल्कि पाकिस्तान से आकर यहां राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती ताकत को पूरी दुनिया नमन कर रही है, लेकिन जिनकी आंखों में देखने की क्षमता नहीं है, वे देश की उपलब्धियां कैसे देखेंगे।

मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल सभी समाजों, वर्गों, संतों और युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज भाषण का नहीं, बल्कि जनता के अभिनंदन का दिन है। उन्होंने किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों की जमीन नीलाम होती थी, जबकि भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री मोदी किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंचा रहे हैं। लाड़ली बहनों सहित विकास के हर क्षेत्र में भारत आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए बालाघाट में मंत्री के पिता की हत्या और नक्सली घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस जवानों, अधिकारियों और आदिवासियों की जान जाती रही। भाजपा के कमल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस कितना भी कीचड़ उछाल ले, कीचड़ में कमल खिलने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी दलों द्वारा पूरे देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। जनता लोकतंत्र बचाना चाहती है। देश की जनता संविधान चलाने वाले मोदी जी के साथ है। इंदौर सहित देशभर में रैलियों के जरिए अराजकता फैलाने वालों को जवाब दिया जा रहा है। अराजकता पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ जनता-जनार्दन सड़क पर आकर मोदी जी का समर्थन कर रही है। इंदौर में भी हजारों की संख्या में लोग जमा हुए हैं। उन्होंने शहर वासियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि जनता ने मोदी का समर्थन कर लोकतंत्र बचाने का आह्वान किया है।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम से ज्यादा यहां युवाओं की भीड़ उमड़ी है। अराजकता के खिलाफ यह रैली है। इंदौर में जुटे युवाओं ने लोकतंत्र, विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत का समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि यह रैली देश में अराजकता का नैरेटिव बनाने वालों के लिए करारा जवाब है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आंदोलनों में बिरयानी, पिज्जा और अन्य खाद्य सामग्री बांटी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि इसका खर्च कौन उठा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करे तो स्वागत है, लेकिन हिंसा और अराजकता का विरोध किया जाएगा।

राहुल गांधी दिल्ली में 2-5 हजार लोग लेकर अराजकता फैला रहे

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन की कृषि उपज मंडी में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके लोग दिल्ली में दो-पांच हजार लोगों के साथ अराजकता फैलाकर 144 करोड़ लोगों को चुनौती दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उच्चतम न्यायालय, चुनाव आयोग और चुनी हुई सरकारों को चुनौती दे रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए। चुनाव हार गए हैं तो पांच साल मेहनत करें और जनता के बीच जाकर फिर समर्थन हासिल करें। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी एक परिवार का ही राज चलता रहेगा? देश इस भावना को बर्दाश्त नहीं करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कुकर्मों के कारण देश की दुर्दशा की। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद भारत का देश और दुनिया में मान-सम्मान बढ़ा है। भाजपा की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंघ से जनता पार्टी और फिर भाजपा बनने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी 50 साल तक विपक्ष में रहकर अपनी बात रखते रहे। कांग्रेस के लोग 15-20 साल भी पूरे नहीं कर पाए और अभी से विरोध के नाम पर हाय-तौबा मचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश के 80 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने कांग्रेस को नकार दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0