नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक महाराष्ट्र और हरियाणा के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह महाराष्ट्र के नासिक में सिंहस्थ महाकुंभ के ध्वज स्तंभ पूजन, ध्वज पूजन और ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगी। वहीं, हरियाणा के कुरुक्षेत्र में राज्य गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित हीरक जयंती समारोह में हिस्सा लेंगी।
राष्ट्रपति भवन की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु 31 अक्टूबर को महाराष्ट्र के नासिक में सिंहस्थ महाकुंभ के ध्वज स्तंभ पूजन, ध्वज पूजन और ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति एक नवंबर को कुरुक्षेत्र में हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित हीरक जयंती समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वह कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल में स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान की शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित वार्षिक समारोह में भी शामिल होंगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार