
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। तुर्किये का इस्तांबुल शहर दिसंबर 2026 में फिडे विश्व रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। साल के अंतिम सप्ताह में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के कई शीर्ष शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
फ्रीडम होल्डिंग कॉर्प को इन चैंपियनशिप का शीर्ष प्रायोजक बनाया गया है। यह कंपनी 2023 से अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) की रणनीतिक साझेदार है।
यह प्रायोजन वर्ष 2026 के लिए हुए व्यापक सहयोग समझौते का हिस्सा है। इसके तहत फ्रीडम होल्डिंग कॉर्प कैंडिडेट्स टूर्नामेंट और विश्व चैंपियनशिप मुकाबले सहित फिडे के प्रमुख आयोजनों में सहयोग करेगी। इसके अलावा जमीनी स्तर पर शतरंज को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण केंद्र, स्कूल कार्यक्रम और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान से जुड़ी योजनाओं में भी मदद करेगी।
फिडे के अध्यक्ष तिमूर तुरलोव ने इस्तांबुल को मेजबानी सौंपे जाने पर खुशी जताई। उन्होंने एक आधिकारिक बयान में कहा कि तुर्किये ने बड़े अंतरराष्ट्रीय शतरंज आयोजनों की मेजबानी में अपनी क्षमता साबित की है और खेल के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस्तांबुल इससे पहले 2012 में 40वें शतरंज ओलंपियाड की मेजबानी कर चुका है। इसके अलावा 2025 में शहर में विश्व युवा ब्लिट्ज और रैपिड शतरंज चैंपियनशिप का भी सफल आयोजन हुआ था।
तुरलोव ने कहा कि विश्व रैपिड और ब्लिट्ज चैंपियनशिप को इस्तांबुल लाना खुशी की बात है। तुर्किये ने बार-बार विश्वस्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं के आयोजन की अपनी क्षमता दिखाई है और खेल को हर स्तर पर आगे बढ़ाने में योगदान दिया है।
ये चैंपियनशिप परंपरागत रूप से हर साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित होती हैं। इस बार मुकाबले 25 से 30 दिसंबर तक खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में दुनिया भर के सैकड़ों खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और ओपन तथा महिला वर्ग में रैपिड और ब्लिट्ज की कुल चार विश्व चैंपियनशिप के खिताब दांव पर होंगे।
मौजूदा चैंपियनों में विश्व के शीर्ष रेटिंग वाले खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन शामिल हैं, जिन्होंने पिछले वर्ष रैपिड और ब्लिट्ज दोनों खिताब जीते थे। महिला रैपिड वर्ग की मौजूदा चैंपियन एलेक्जेंड्रा गोर्याचकिना हैं, जबकि महिला ब्लिट्ज का खिताब बिबिसारा असाउबायेवा के पास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे