अंडर-19 एशिया कप में द्रविड़ और सहवाग के बेटों को मिला मौका, भारतीय टीम घोषित

युगवार्ता    30-Oct-2026
Total Views |
अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग


- मस्कट में 5 नवंबर से शुरू होगा टूर्नामेंट, अन्वय द्रविड़ विकेटकीपर और आर्यवीर सहवाग होंगे बल्लेबाज

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग को भी 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। मस्कट (ओमान) में 5 से 14 नवंबर तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए जूनियर क्रिकेट समिति ने टीम का चयन किया है।

अन्वय द्रविड़ विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल हैं, जबकि आर्यवीर सहवाग को बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है। दोनों युवा खिलाड़ियों के लिए यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अहम अवसर होगा। टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है, जबकि यशवर्धन सिंह चौहान उपकप्तान होंगे।

भारत को ग्रुप-ए में संयुक्त अरब अमीरात, नेपाल और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। ग्रुप-बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया की टीमें शामिल हैं। दोनों समूहों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 14 नवंबर को होगा।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा। इसके बाद 8 नवंबर को पाकिस्तान और 10 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात से मुकाबला होगा। भारत के तीनों लीग मैच मस्कट के ओसीसी टर्फ मैदान पर खेले जाएंगे।

भारतीय टीम :

लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्या पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags