आईएसएसओ राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपियनशिप का समापन, 44 स्कूलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

30 Oct 2026 15:17:53
आठवीं आईएसएसओ राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपियनशिप का समापन


फरीदाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। इंटरनेशनल स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (आईएसएसओ) की आठवीं राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपियनशिप 2026-27 का फरीदाबाद स्थित शिव नादर स्कूल में समापन हो गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के 44 स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं ने सेबर, फॉइल और एपी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई।

चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल, तेजी, रणनीतिक समझ और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में विभिन्न वर्गों के व्यक्तिगत पदक विजेताओं और टीम चैंपियनों को पदक तथा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

आईएसएसओ की निदेशक आकांक्षा थापाक ने कहा कि 44 प्रमुख स्कूलों की भागीदारी देश में तलवारबाजी के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है। युवा खिलाड़ियों का अनुशासन, मानसिक क्षमता और तकनीकी कौशल उत्साहजनक है। आईएसएसओ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

आईएसएसओ के राष्ट्रीय समन्वयक सतीश मिश्रा ने आयोजन में सहयोग के लिए शिव नादर स्कूल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न हथियार वर्गों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन बेहतर समन्वय और सटीक व्यवस्था की मांग करता है। खिलाड़ियों ने दो दिनों तक खेल भावना और रणनीतिक कौशल का शानदार परिचय दिया।

अंडर-14 वर्ग में अनिका और अनाया चमकीं

अंडर-14 बालिका वर्ग की एपी स्पर्धा में शिव नादर स्कूल, फरीदाबाद की गोयल अनिका ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जेबीसीएन इंटरनेशनल स्कूल, मुलुंड की दुबे याश्वी दूसरे स्थान पर रहीं। फॉइल में शिव नादर स्कूल की कुंवर अनाया ने स्वर्ण पदक जीता और पोदार इंटरनेशनल स्कूल की रावेशिया रयना दूसरे स्थान पर रहीं। सेबर में पीएसजी-क्लिफ्टन इंटरनेशनल स्कूल की चांद अवनी ने पहला और शिव नादर स्कूल की भाटिया आरिका ने दूसरा स्थान हासिल किया।

बालक वर्ग की एपी स्पर्धा में द अमेरिकन इंटरनेशनल स्कूल ऑफ मस्कट के बनर्जी अद्वय ने पहला स्थान हासिल किया। फॉइल में भारती विद्यापीठ रवींद्रनाथ टैगोर स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के सच्चिदानंद उत्तेकर कविश और सेबर में जेबीसीएन इंटरनेशनल स्कूल के पंकज गुरबानी नैतिक विजेता बने।

अंडर-17 वर्ग में श्रग्वी, आनिका और अनंत ने जीते स्वर्ण

अंडर-17 बालिका वर्ग की एपी स्पर्धा में फ्रवाशी इंटरनेशनल अकादमी की शेटकर श्रग्वी सुधीर ने पहला स्थान हासिल किया। फॉइल में इंटरनेशनल स्कूल ऑफ हैदराबाद की जुव्वाडी आनिका और सेबर में शिव नादर स्कूल, फरीदाबाद की लांबा रुहीन विजेता बनीं।

बालक वर्ग की एपी स्पर्धा में इंडस इंटरनेशनल स्कूल, पुणे के पी. साठे अनंत ने स्वर्ण पदक जीता। फॉइल में सीपी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल, पुणे के अभिजीत पवार अनुभवा और सेबर में पोदार इंटरनेशनल स्कूल के रावेशिया रयान ने पहला स्थान हासिल किया।

अंडर-19 वर्ग में नैशा, अमेया और उत्कर्ष का जलवा

अंडर-19 बालिका वर्ग की एपी स्पर्धा में स्टेप बाय स्टेप स्कूल की गुप्ता नैशा विजेता बनीं। फॉइल में शिव नादर स्कूल, फरीदाबाद की कुंवर अमेया और सेबर में शिव नादर स्कूल, नोएडा की अग्रवाल ताशना ने पहला स्थान हासिल किया।

बालक वर्ग की एपी स्पर्धा में जेबीसीएन इंटरनेशनल स्कूल, मुलुंड के किरण पाटिल निशाल ने स्वर्ण पदक जीता। फॉइल में एमिटी ग्लोबल स्कूल, गुरुग्राम के चौहान उत्कर्ष और सेबर में डी.वाई. पाटिल इंटरनेशनल स्कूल, नेरुल के अनवर हुसैन सैयद विजेता बने।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0