यूपी एटीएस ने शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े एक नाबालिग समेत चार युवकों कोे पकड़ा

30 Oct 2026 20:18:53
पकड़े गये अभियुक्ताें की फाेटाे


लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने प्रतिबंधित संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) से जु़ड़े चार संदिग्ध युवकों काे पकड़ा हैं। इनमें एक नाबलिग है। ये सभी पंजाब के रहने वाले हैं। ये लोग सेना या फिर पुलिस के किसी प्रतिष्ठान पर हमला करने की फिराक में थे।

अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने शुक्रवार काे बताया कि एटीएस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन एसबीएन का सक्रिय सदस्य राना भाई के कहने पर गगनदीप, रजत कुमार, क्रिश और नाबालिग युवक किसी घटना को अंजाम देने के लिए लखनऊ आ रहे हैं। एटीएस ने चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह पाकिस्तान में बैठे रानाभाई के लिए काम करते हैं। उनकाे लखनऊ में किसी फौजी या पुलिस के बंदे को मारने का टास्क दिया गया था। मारने के बाद उसकी वीडियो बनाकर भेजने को भी कहा था। इसी टारगेट को पूरा करने के लिए वह लोग अमृतसर से दिल्ली होते हुए 29 अक्टूबर की रात लखनऊ पहुंचे थे। राना भाई के कहने पर इन लाेगाें ने लखनऊ रेलवे स्टेशन की फोटो व वीडियो बनाकर उन्हें भेजा था।

अभियुक्तों ने यह भी बताया कि उन्हें यह कहकर लखनऊ भेजा गया था कि उन्होंने पाकिस्तान से ही असलहे और कारतूस भेजे हैं। लखनऊ में एक बंदा मिलेगा जो उन्हें यह असलहा और कारतूस उपलब्ध कराएगा। खर्चा पानी के लिए उन्हें पैसे भी भेजे गए थे। टारगेट किलिंग के बाद उनकाे 03 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। टारगेट किलिंग को अंजाम देने के बाद इन्हें पुलिस से बचने और मौज मस्ती के लिए नेपाल जाने के लिए कहा गया था।

एडीजी ने बताया कि गिरफ्तार लड़कों के फोन में वर्चुअल नंबर से एक्टिव व्हाट्सएप अकाउंट से विदेशी नंबर पर चैट होना पाया गया है। मोबाइल के प्राथमिक अवलोकन से इनके फोन मे कई संदिग्ध चैट, वीडियो और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी कर उनकी लोकेशन, पाकिस्तानी हैंडलर को भेजा जाना पाया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Powered By Sangraha 9.0