
वाराणसी, 30 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शनिवार को पटरी पर दौड़ने को तैयार है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी दिन वाराणसी से जुड़ी दो मेमू ट्रेन सेवाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा। वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर शनिवार को दोपहर 3:30 बजे उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित होगा।
वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शुक्रवार को बताया कि नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए स्लीपर बर्थ की व्यवस्था की गई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सहूलियत मिलेगी।उन्होंने बताया कि ट्रेन में दरवाजों को खोलने और बंद करने के लिए ऑटोमैटिक सिस्टम लगाया गया है। इसके अलावा प्रत्येक स्लीपर बर्थ पर रीडिंग लाइट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्री आराम करते हुए पढ़ सकेंगे। ट्रेन में वंदे भारत की अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के साथ दो नई मेमू ट्रेन सेवाओं की भी शुरुआत होगी। इनमें पहली ट्रेन वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन से राजातालाब के बीच चलेगी, जबकि दूसरी ट्रेन प्रयागराज रामबाग से वाराणसी के लिए संचालित होगी। इन दोनों सेवाओं के शुरू होने से स्थानीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बनारस रेलवे स्टेशन से रवाना होने वाली वाराणसी नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश सरकार की मंत्री अनिल राजभर, मंत्री रविंद्र जायसवाल, मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, मेयर अशोक तिवारी, विधायक डॉक्टर सुनील पटेल, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक नील रतन सिंह पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद