छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का समापन रविवार को, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया होंगे मुख्य अतिथि

31 Oct 2026 23:22:53
केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया


रायपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रविवार, एक नवम्बर की शाम सात बजे आयोजित समारोह की अध्यक्षता करेंगे। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग किसी राज्य सरकार द्वारा आयोजित देश की पहली हॉकी लीग है।

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समापन समारोह में राज्य शासन के सभी मंत्रीगण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और लक्ष्मी वर्मा, रायपुर जिले के सभी विधायकगण, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर की महापौर मीनल चौबे तथा जिला पंचायत के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

'चलौ रे संगी हॉकी खेलबो' के उद्घोष के साथ शुरू हुई इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों ने भागीदारी की है। सभी टीमों में भारत की ओर से ओलंपिक खेल चुके प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ियों को मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया। इनके साथ ही मैदान पर उतरने वाले छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों को लीग के जरिए न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला बल्कि उन्होंने बड़े स्तर के खेल का अनुभव भी हासिल किया। प्रत्येक टीम में राष्ट्रीयस्तर के दिग्गज खिलाड़ियों, ओलंपियनों, स्थानीय प्रतिभाओं और छत्तीसगढ़ के अनुभवी खिलाड़ियों का समावेश किया गया है। पूरी लीग के दौरान प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को देश के नामचीन खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने, उनकी खेल तकनीक को समझने और प्रतिस्पर्धात्मक हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।

लीग के सभी मैचों के जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण से छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों की प्रतिभा से देश और दुनिया के दर्शक भी रू-ब-रू हुए। राज्य में पहली बार इस स्वरूप में आयोजित हॉकी लीग से प्रदेश की प्रतिभाओं को बड़ी पहचान मिलने के साथ छत्तीसगढ़ में हॉकी के नए अध्याय की शुरुआत होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Powered By Sangraha 9.0