मप्र से राज्यसभा उपचुनाव के लिए केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने दाखिल किया नामांकन

31 Oct 2026 16:02:53
मप्र से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करते हुए हरदीप सिंह पुरी (सीएम के ट्वीट से ली गई तस्वीर)


भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक रिक्त सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा के घोषित उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को भोपाल में विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को उन्हें मध्य प्रदेश से उम्मीदवार घोषित किया था। केंद्रीय मंत्री पुरी शनिवार को सुबह भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले गुरुद्वारे में मत्था टेका और करुणा धाम आश्रम पहुंचकर संत सुदेश शांडिल्य महाराज से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने सुबह 11:30 बजे विधानसभा भवन पहुंचकर अपना नांकन दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित विधायक सुरेंद्र पटवा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति के फैसले के बाद हरदीप सिंह पुरी ने आज राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले मध्य प्रदेश को पुरी के रूप में एक सांसद का उपहार मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरदीप सिंह पुरी का संसदीय जीवन लंबा रहा है। केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने मध्य प्रदेश को बीना रिफाइनरी, नागरिक उड्डयन, स्मार्ट सिटी, मेट्रो रेल, मेट्रोपॉलिटन सिटी और स्वच्छता अभियान सहित कई सौगातें दी हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में भी वे प्रदेश को नई सौगातें देते रहेंगे। नामांकन दाखिल करने से पहले और बाद में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मीडिया से बात नहीं की।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन द्वारा 13 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद मध्य प्रदेश की राज्यसभा की एक सीट रिक्त हुई थी। मुरुगन का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था, जिस पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है। उपचुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 2 नवंबर निर्धारित है, जबकि 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 5 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर मतदान 12 नवंबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना की जाएगी। मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 65 विधायक हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0