प्रधानमंत्री ने गुजरात के एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ के सीसीआईसी पवेलियन का किया दौरा

31 Oct 2026 14:34:53
प्रधानमंत्री मोदी गुजरात में सीसीआईसी पवेलियन का दौरा करते हुए।


नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित ‘भारत पर्व 2026’ के दौरान सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सीसीआईसी) पवेलियन का दौरा किया।

केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री के इस दौरे से सीसीआईसी को अपनी समृद्ध विरासत, कारीगरों एवं बुनकरों के साथ अपने दीर्घकालिक जुड़ाव और भारत की पारंपरिक हथकरघा तथा हस्तशिल्प कला को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिला। यह पवेलियन कारीगरों और बुनकरों को बेहतर बाज़ार तथा आजीविका के स्थायी अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने की निगम की यात्रा को दर्शाता है। अपनी इन पहलों के जरिए सीसीआईसी वोकल फॉर लोकल और लोकल को ग्लोबल बनाने के विजन में सक्रिय रूप से योगदान देते हुए पारंपरिक कारीगरी को बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ रहा है।

इस मौके पर सीसीआईसी के प्रबंध निदेशक बिमल गोपालाचारी, निगम के अन्य अधिकारी, कारीगर और बुनकर पवेलियन में मौजूद रहे। पवेलियन में देश के विभिन्न हिस्सों के कारीगरों के शानदार हुनर और कारीगरी को प्रदर्शित किया गया है। इसमें विशेष रूप से गुजरात के कारीगरों की ओर से एगेट और अर्ध-कीमती पत्थरों तथा बारीक एप्लीक वर्क (पैबंद का काम) से तैयार की गई पारंपरिक कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

भारत की इस गौरवशाली कला और संस्कृति को दर्शाने वाली यह प्रदर्शनी 15 नवंबर तक एकता नगर में दर्शकों और पर्यटकों के लिए खुली रहेगी।

उल्लेखनीय है कि सीसीआईसी भारतीय हथकरघा और हस्तशिल्प की समृद्ध एवं विविध विरासत का जश्न मनाता है, जो देशभर की बेहतरीन कलाकारी, रचनात्मकता और पारंपरिक उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला को एक मंच पर लाता है। यह भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत और स्वदेशी कला रूपों की चिरस्थायी सुंदरता का प्रतीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0