मॉस्को आने पर जेलेंस्की से मिलने को तैयार हैं पुतिन: लावरोव

31 Oct 2026 21:30:53

अटलांटा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से आमने-सामने बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें मॉस्को आना होगा। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को यह बात कही। उन्होंने जेलेंस्की की संभावित यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा की पूरी गारंटी देने का भी दावा किया।

जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर पत्रकारों से बातचीत में लावरोव ने कहा कि पुतिन ने स्पष्ट किया है कि यदि जेलेंस्की उनसे मिलना चाहते हैं तो उन्हें मॉस्को आना चाहिए। रूस उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

लावरोव ने अबू धाबी में संभावित वार्ता की तैयारियों पर रूस का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि यूक्रेन की ओर से रूस पर हमले की लगातार बात की जा रही है, जिससे बातचीत की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में मदद नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की के बयानों से संकेत मिलता है कि यूक्रेन को रूस पर हमले के लिए अधिक लंबी दूरी के हथियार मिल रहे हैं।

रूस-अमेरिका संबंधों पर लावरोव ने कहा कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद दोनों देशों के रिश्तों की दिशा वाशिंगटन के ठोस कदमों से तय होगी। उन्होंने कहा कि रूस अटकलों के बजाय वास्तविक परिस्थितियों और अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर आगे की रणनीति बनाएगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0