अफ्रीका में आतंकियों को बाहरी मदद का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में उठाता रहा है रूस

31 Oct 2026 21:48:53

संयुक्त राष्ट्र, 31 अक्टूबर (हि.स.)। रूस संयुक्त राष्ट्र में अफ्रीका में सक्रिय आतंकी संगठनों को बाहरी मदद मिलने का मुद्दा नियमित रूप से उठाता रहा है। संयुक्त राष्ट्र में रूस की उप स्थायी प्रतिनिधि अन्ना एवस्तिग्नीवा ने रूसी समाचार एजेंसी 'रिया नोवोस्ती' से बातचीत में यह बात कही।

एवस्तिग्नीवा ने कहा कि पश्चिम अफ्रीका और साहेल क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की चर्चा के दौरान रूस लगातार इस ओर ध्यान दिलाता है कि क्षेत्र में आतंकवादी खतरे को बढ़ावा देने में बाहरी ताकतों की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फ्रांस और यूक्रेन वर्तमान में साहेल क्षेत्र के आतंकी समूहों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

रूसी राजनयिक के मुताबिक, इन देशों की मदद से जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन और आजावाद लिबरेशन फ्रंट के आतंकियों ने अप्रैल में माली की राजधानी बमाको सहित कई बड़े शहरों पर हमले किए थे। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 15 मई को जारी अपने प्रेस वक्तव्य में इन हमलों को आतंकवादी घटनाओं के रूप में वर्णित किया था।

इससे पहले, सूडान के विदेश मंत्री मोही एल-दीन सलेम ने मीडिया को बताया था कि उनके देश के अधिकारियों के पास सूडान के वैध सैन्य बलों के खिलाफ रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) की ओर से लड़ाई में यूक्रेनी सैन्यकर्मियों की भागीदारी के पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यूक्रेनी प्रशिक्षक आरएसएफ लड़ाकों को ड्रोन के जरिए नागरिक ठिकानों पर हमले करने का प्रशिक्षण दे रहे हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0