दोस्त संजय गुप्ता के निधन से सदमे में संजय दत्त, शेयर किया भावुक संदेश

31 Oct 2026 14:49:53
संजय गुप्ता, संजय दत्त - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता के अचानक निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। 'कांटे', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'जिंदा' जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए पहचाने जाने वाले संजय गुप्ता के निधन पर संजय दत्त सहित कई फिल्मी सितारों ने भावुक श्रद्धांजलि दी है।

संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर अपने पुराने दोस्त को याद करते हुए लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि संजय गुप्ता उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने कहा कि दोनों ने साथ में कई यादें और दोस्ती के अनगिनत साल बिताए थे। संजय गुप्ता उनके लिए परिवार की तरह थे और उन्हें उनकी बातचीत साथ बिताए पलों की हमेशा याद आएगी। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में दोनों के बीच 'कांटे 2' को लेकर चर्चा हुई थी। उन्होंने अपने दोस्त को श्रद्धांजलि देते हुए वादा किया कि वह उनके इस सपने को पूरा करने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।

संजय दत्त के अलावा गायक मीका सिंह ने भी निर्देशक को याद किया। उन्होंने संजय गुप्ता को अपना गॉडफादर बताते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें पहला मौका देने में निर्देशक की अहम भूमिका रही। वहीं, सुनील शेट्टी और सोनू सूद ने उनके साथ बिताए पलों और फिल्मों के सेट से जुड़ी यादें शेयर कीं। अभिनेता अनुपम खेर ने उन्हें 'सिनेमा का ज्ञानकोश' बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख जताया। संजय गुप्ता के जाने से हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे निर्देशक को खो दिया है, जिनकी फिल्मों का अपना अलग अंदाज और पहचान रही।

57 वर्षीय संजय गुप्ता का मुंबई स्थित आवास पर निधन हो गया है। पुलिस के अनुसार, वह बाथरूम में संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी जान चली गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0