तमिलनाडुः जेल से कैदियों की फरारी मामला, उप जेल प्रभारी निलंबित, कुछ अन्य अधिकारियों के तबादले

31 Oct 2026 17:04:53

चेन्नई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु के थेनी जिले की उप-जेल से 17 कैदियों के फरार होने के मामले में राज्य सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही और सुरक्षा में चूक के आरोप में उप जेल प्रभारी को निलंबित करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही जेल विभाग के कुछ अन्य अधिकारियों के तबादले का भी सरकार ने आदेश दिया है।

यह घटना 26 अक्टूबर को थेनी जिले की उप-जेल में हुई थी। चिकित्सा आपात स्थिति का नाटक कर 17 विचाराधीन कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मचारियों पर हमला किया और जेल से फरार हो गए थे। इस घटना से राज्य की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे।

कैदियों के फरार होने की जानकारी मिलते ही तमिलनाडु पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था। कई पुलिस टीमों का गठन कर आसपास के इलाकों में सघन तलाशी ली गई। ड्रोन की मदद से जेल से दूर झाड़ियों में छिपे आठ कैदियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद फरार हुए सभी 17 कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विजय ने जेल विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी में लापरवाही के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सरकार ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि जेल में कैदियों पर उचित निगरानी नहीं रखना, कर्मचारियों की निगरानी में लापरवाही बरतना और सुरक्षा व्यवस्था में खामियां ही इस घटना का कारण बनीं।

इसके बाद थेनी जिला उप-जेल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे उप जेलर एन. नागेश्वरन को 30 अक्टूबर से प्रभावी रूप से निलंबित कर दिया गया है। वह 6 अगस्त 2024 से इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे। कैदियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर उचित नियंत्रण, पर्यवेक्षण और निगरानी रखने में विफल रहने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। तमिलनाडु सिविल सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियमों के तहत निलंबन का आदेश जारी किया गया है। बताया गया है कि अगले आदेश तक उनका निलंबन जारी रहेगा।

जेल विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री विजय ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता, सतर्कता और सावधानी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि जेलों की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ड्यूटी के दौरान लापरवाही, सुस्ती या गैर-जिम्मेदाराना रवैया दिखाने वाले किसी भी अधिकारी को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ बेहद कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, जेल से कैदियों के फरार होने की घटना के बाद तमिलनाडु सरकार ने जेल विभाग के उच्च स्तर पर भी बदलाव किया है। जेलों के पुलिस महानिदेशक संदीप राय राठौड़ का तबादला कर उन्हें टैंजेडको (TANGEDCO) का मुख्य सतर्कता अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर के. शंकर को जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0