कीव, 04 अक्टूबर (हि.स.)। रूस के साथ जारी युद्ध के बीच जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने रविवार को कीव पहुंचकर यूक्रेन के लिए 1.3 अरब यूरो से अधिक (करीब 1.5 अरब डॉलर) के नए सहायता पैकेज की घोषणा की। इसमें करीब एक अरब यूरो की सैन्य सहायता और 350 मिलियन यूरो की ऊर्जा सहायता शामिल है। मर्ज के दौरे के दौरान भी रूस की ओर से कीव पर हमले जारी रहे।
जर्मनी से यूक्रेन को मिली सैन्य सहायता में लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार, लड़ाकू ड्रोन और उपग्रह तकनीक शामिल हैं। मर्ज ने कहा कि इन क्षमताओं से यूक्रेन रूसी हमलों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे लॉन्च ठिकानों को भी निशाना बना सकेगा। जर्मनी की ओर से दी जाने वाली ऊर्जा सहायता का इस्तेमाल बिजली सबस्टेशनों की मरम्मत और सर्दियों से पहले ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाएगा।
मर्ज और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की वार्ता के दौरान दोनों देशों ने सुरक्षा सहयोग, हथियारों के उत्पादन और खरीद समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 15 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का कुल मूल्य 8.5 अरब यूरो से अधिक बताया गया है। दोनों देशों ने ड्रोन रोधी तकनीक के क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं का विस्तार करने पर भी सहमति जताई।
जर्मनी यूक्रेन को रूसी जेट-इंजन वाले हमलावर ड्रोन से निपटने के लिए नए इंटरसेप्टर ड्रोन तैयार करने में भी मदद करेगा। यह कदम यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है। हाल के दिनों में ऐसे तेज गति वाले ड्रोन यूक्रेन की मौजूदा हवाई सुरक्षा के लिए चुनौती बने हैं।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय