नहीं रहे दिग्गज फिल्ममेकर सिंगीथम श्रीनिवास राव

04 Oct 2026 12:51:53
सिंगीतम श्रीनिवास राव - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्मकार सिंगीथम श्रीनिवास राव का शनिवार रात चेन्नई में 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। 'पुष्पक विमानम' और 'आदित्य 369' जैसी प्रयोगधर्मी और यादगार फिल्मों के जरिए सिनेमा को नई दिशा देने वाले निर्देशक के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्मी हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सिंगीथम श्रीनिवास राव सिनेमा की समृद्धि विरासत छाेड़ गए हैं। उन्हाेंने 1972 में 'नीति निजायिती' से निर्देशन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'दिक्कत्र पार्वती', 'मयूरी', 'पुष्पक विमानम', 'आदित्य 369', 'भैरव द्वीपम' और 'सन ऑफ अलादीन' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। अलग-अलग विषयों और प्रयोगों के लिए पहचाने जाने वाले राव ने अपने लंबे करियर में तेलुगु के साथ भारतीय सिनेमा में भी खास पहचान बनाई। उनकी आखिरी फिल्म 'सिंग गीथम' इसी साल रिलीज हुई थी।

उनके निधन पर जूनियर एनटीआर, विष्णु मांचू, वेंकटेश दग्गुबाती, पवन कल्याण और चिरंजीवी समेत कई कलाकारों ने शोक जताया। जूनियर एनटीआर ने उन्हें समय से आगे सोचने वाला फिल्मकार बताया, जबकि विष्णु मांचू ने कहा कि उनके सिनेमा ने उन्हें फिल्मों के जादू से प्यार करना सिखाया। वेंकटेश ने इसे तेलुगु सिनेमा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत बताया। पवन कल्याण ने 'आदित्य 369' जैसी फिल्मों को याद किया, वहीं चिरंजीवी ने राव को दूरदर्शी फिल्मकार बताते हुए उनके योगदान को याद किया। सितारों के मुताबिक, उनका काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0