मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और अभिनेत्री सुरेखा वाणी पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में एक्स हैंडल के खिलाफ केस

युगवार्ता    05-Oct-2026
Total Views |
सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ तस्वीर


हैदराबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और अभिनेत्री सुरेखा वाणी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अश्लील सामग्री पोस्ट करने के आरोप में एक एक्स हैंडल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया टीम ने सेंट्रल क्राइम स्टेशन पहुंचकर संबंधित एक्स हैंडल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, तीन अक्टूबर को संबंधित हैंडल से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और अभिनेत्री सुरेखा वाणी की एक आपत्तिजनक तस्वीर तेलुगु विवरण के साथ पोस्ट की गई थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री ने अभिनेत्री को एक कार और गोवा में एक घर उपहार में दिया है, जिसके कारण मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी गीता के बीच अनबन हुई।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पोस्ट में अभिनेत्री को अनुचित और अश्लील तरीके से पेश किया गया तथा उनका नाम मुख्यमंत्री के साथ जोड़कर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसका उद्देश्य सार्वजनिक अशांति पैदा करना और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नफरत भड़काना था।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि खुद को पैरोडी हैंडल बताने के बावजूद संबंधित अकाउंट सत्यापित था और उसका इस्तेमाल आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के लिए किया जा रहा था।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 और 67(ए), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 336(4) और 3(5) तथा महिला अश्लीलता निरूपण (निषेध) अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags