एयर इंडिया एक्सप्रेस सर्दियों में रोजाना 585 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करेगी

युगवार्ता    05-Oct-2026
Total Views |
एयर इंडिया एक्सप्रेस के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। टाटा समूह की एयर इंडिया एक्सप्रेस सर्दियों में अपनी उड़ानों की संख्या और क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रही है। विमानन कंपनी 25 अक्टूबर से अपने शीतकालीन शेड्यूल के तहत रोजाना लगभग 585 उड़ानें संचालित करेगी, जिसमें 435 घरेलू और 150 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं।

एयरलाइन ने सोमवार को कहा कि एयरलाइन घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए अपने परिचालन का विस्तार कर रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस सर्दियों की उड़ान समयसारिणी में 25 अक्टूबर से रोजाना करीब 585 उड़ानों का संचालन करेगी, जो मौजूदा गर्मियों की समय-सारिणी की तुलना में 17 फीसदी अधिक है। सर्दियों की समयसारिणी में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर 40 से अधिक नए मार्ग शुरू करेगी। कंपनी ने कहा कि गर्मियों की समयसारिणी में करीब 3,150 साप्ताहिक उड़ानों से बढ़कर सर्दियों की समय-सारिणी में लगभग 4,100 साप्ताहिक उड़ानों का हो जाएगा।

इसके अलावा एक स्थान पर विमान बदलकर यात्रा करने के विकल्पों की साप्ताहिक संख्या लगभग 1,330 से बढ़कर 1,600 हो जाएगी। फिलहाल, एयरलाइन रोजाना लगभग 500 उड़ानों का संचालन करती है। सर्दियों की समय-सारिणी में यह संख्या बढ़कर करीब 585 हो जाएगी। कंपनी के मुताबिक दैनिक उड़ानों के लिहाज से सर्दियों की समय-सारिणी में गर्मियों की समयसारिणी की तुलना में 17 फीसदी की वृद्धि होगी। मार्गों की संख्या भी मौजूदा करीब 180 से बढ़कर लगभग 220 हो जाएगी। कंपनी एफएलवाई91 भी 25 अक्टूबर से शुरू होने वाली सर्दियों की समय-सारिणी में हर सप्ताह 354 उड़ानों का संचालन करेगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने बताया कि सर्दियों की समय-सारिणी का विस्तार भारत की आर्थिक वृद्धि की संभावनाओं में भरोसे और व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक वृद्धि में हवाई संपर्क के बढ़ते महत्व को दर्शाता है। एयरलाइन मौजूदा गर्मियों की समयसारिणी में हर सप्ताह 280 उड़ानों का संचालन करती है।

एयरलाइन ने बताया कि सर्दियों की विस्तारित समय-सारिणी में उसकी साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 26 फीसदी से अधिक बढ़कर 280 से 354 हो जाएगी। इसके साथ ही नवी मुंबई को नेटवर्क में शामिल किया जाएगा और तिरुपति के लिए हवाई संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags