कांग्रेस ने तेज किया ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान, 10 अक्टूबर से ब्लॉक स्तर पर रैली-पदयात्रा

05 Oct 2026 22:51:53
बैठक में मौजूद नेता।


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन को और तेज करने की घोषणा की है। पार्टी 10 अक्टूबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू करेगी। इसके पहले चरण में 10 से 20 अक्टूबर तक देशभर में ब्लॉक स्तर पर बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांव-गांव चौपाल लगाकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें मतदाता सूची में दोबारा शामिल कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

अभियान की रणनीति को लेकर सोमवार को यहां इंदिरा भवन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी के महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और अग्रिम संगठनों के प्रमुखों की बैठक हुई। बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ देशभर में व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया है। राहुल गांधी ने भी स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन एक-दो दिन का कार्यक्रम नहीं होगा और इसे लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आठ अक्टूबर तक इंडिया गठबंधन के घटक दल जिला स्तर पर सामूहिक प्रदर्शन और ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ आयोजित करेंगे। इसके बाद कांग्रेस 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्राओं के जरिए अभियान चलाएगी। इन कार्यक्रमों में कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची और कथित वोट चोरी से जुड़े मुद्दों की जानकारी देने वाले पर्चे भी वितरित करेंगे।

उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक एक महीने का व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ‘वोट रक्षक’ के रूप में मतदाता सूची से हटाए गए करीब साढ़े 13 करोड़ लोगों की पहचान के लिए घर-घर जाएंगे। गांवों में इन मतदाताओं के साथ चौपाल आयोजित कर उन्हें मतदाता सूची से जुड़े अधिकारों और कथित वोट चोरी के मुद्दे के प्रति जागरूक किया जाएगा। पार्टी का दावा है कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उन्हें वापस सूची में शामिल कराया जाए।

वेणुगोपाल ने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। संविधान दिवस के अवसर पर 25 और 26 नवंबर को देश के छह अलग-अलग स्थानों से हजारों वाहनों के काफिले ‘चलो दिल्ली’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे। इसके बाद 26 नवंबर को दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि छह अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। मार्च सुबह 11 बजे शुरू होगा और इसमें शामिल होने के लिए अन्य विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए मतदाता सूची से हटाए गए करीब साढ़े 13 करोड़ लोग महज आंकड़े नहीं, बल्कि वास्तविक नागरिक हैं। कांग्रेस इन लोगों की पहचान बूथ स्तर तक सामने लाने और जिन लोगों के नाम कथित तौर पर जानबूझकर हटाए गए हैं, उन्हें मतदाता सूची में वापस शामिल कराने का प्रयास करेगी।

बैठक के बाद केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि बैठक में एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से कथित तौर पर की गई गलतियों से जुड़े चुनावी मुद्दों पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कथित अलोकतांत्रिक रवैये के खिलाफ कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का आंदोलन जारी है। उन्होंने कहा कि केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश के अनुसार पूरे महीने चलने वाले आंदोलन में हिस्सा लेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0