'जेलर 2' का ट्रेलर रिलीज, टाइगर मुथुवेल पांडियन के अंदाज में लौटे रजनीकांत

05 Oct 2026 19:47:53
रजनीकांत, विद्या बालन - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में उनका सिग्नेचर स्वैग, दमदार संवाद और जबरदस्त एक्शन देखने को मिलता है, जो फिल्म की भव्यता और कहानी के अगले अध्याय की झलक पेश करता है।

ट्रेलर में अभिनेत्री विद्या बालन का नया अवतार भी खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रजनीकांत के साथ नजर आ रहीं विद्या छोटे हेयरस्टाइल, डार्क लुक और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस में दिखाई देती हैं। फिल्म में वह कांता नाम के किरदार में नजर आएंगी। उनका रहस्यमयी अंदाज कहानी में एक नई परत जोड़ता दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि रजनीकांत और विद्या बालन पहली बार एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे, जिससे दोनों की जोड़ी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

ट्रेलर में रजनीकांत का मास अपील वाला अंदाज, नेल्सन दिलीपकुमार की निर्देशन शैली और विद्या बालन का अलग तेवर फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। हालांकि, विद्या के किरदार का रजनीकांत के किरदार से क्या संबंध है और कहानी में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होगी, इसका खुलासा फिल्म की रिलीज के बाद ही होगा। 'जेलर 2' 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0