गुजरात हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश नियुक्त

05 Oct 2026 20:03:53
सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल की फाइल फोटो


अहमदाबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल को उच्चतम का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है।

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। अधिसूचना के अनुसार, न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगी।

इस नियुक्ति के बाद सोमवार को गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल का विदाई समारोह हुआ। इसमें उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों और सरकारी वकीलों सहित न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय से हैं न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल

न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल मूल रूप से इलाहाबाद उच्च न्यायालय से हैं। वह जुलाई 2023 से गुजरात उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थीं। वह गुजरात उच्च न्यायालय की दूसरी महिला मुख्य न्यायाधीश बनी थीं। उन्होंने 1989 में अवध विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की और दिसंबर 1990 से वकालत के क्षेत्र में कार्य शुरू किया था। न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल के उच्चतम न्यायालय जाने के बाद गुजरात न्यायालय में नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0