पंजाब में भ्रष्टाचार के आरोपों का मुख्यमंत्री और केजरीवाल दें जवाब : भाजपा

05 Oct 2026 16:02:53
संबित पात्रा, भाजपा सांसद


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला है। भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं और अब मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा अरविंद केजरीवाल को इन आरोपों पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।

पार्टी मुख्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा लंबे समय से पंजाब सरकार में भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों पर सरकार और कारोबारी हितों के बीच बिचौलिए के तौर पर काम करने तथा सरकारी कामकाज में कथित रूप से प्रभाव डालने के गंभीर आरोप हैं।

उन्होंने कहा कि अब हाई कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई जांच से इन आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए। भाजपा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

संबित पात्रा ने पंजाब की कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले 48 घंटों में हत्या की चार घटनाएं सामने आई हैं। भाजपा ने इन घटनाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की सीबीआई जांच शुरू हो रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य में अपराध की घटनाएं भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। पार्टी ने मान सरकार से भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था, दोनों मुद्दों पर जवाब मांगा है।

उल्लेखनीय है कि हाई कोर्ट ने सोमवार को एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले में सीबीआई को आपराधिक मामला दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने सीबीआई से दो महीने में स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा है। मामला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से पंजाब के डीजीपी को भेजे गए तीन पत्रों से जुड़ा है, जिनमें सीएम के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन और कुछ अन्य लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0