आरबीआई की मौद्रिक समीक्षा बैठक शुरू, रेपो रेट में 0.25 फीसदी वृद्धि संभव

05 Oct 2026 14:05:53
आरबीआई की मौद्रिक समीक्षा बैठक शुरू,  रेपो रेट में 0.25 फीसदी वृद्धि संभव


मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की तीन दिवसीय द्विमासिक मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा बैठक सोमवार से शुरू हो गई है। आर्थिक मामलों के जानकारों ने इस बार नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट में 0.25 फीसदी तक की बढ़ोतरी किया जाने की संभावना जताई है।

रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में मुंबई में यह समीक्षा बैठक 5 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद संजय मल्होत्रा 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे एमपीसी की मौद्रिक नीति के फैसले की जानकारी देंगे। बैठक में महंगाई, आर्थिक गतिविधियों और नीतिगत ब्याज दरों (रेपो रेट) की स्थिति की समीक्षा होगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के जोखिमों के बीच इस बार नीतिगत ब्याज दरों में बढ़ोतरी की पूरी संभावना दिख रही है।

अर्थशास्त्रियों और बैंक अधिकारियों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के दोबारा गहराने से पैदा हुए मुद्रास्फीति के दबाव के बीच रिजर्व बैंक अक्टूबर माह की मौद्रिक नीति की समीक्षा में रेपो रेट में 0.25 फीसदी की वृद्धि कर सकता है। इससे पहले ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने अक्टूबर-दिसंबर की मौद्रिक समीक्षा की बैठकों में नीतिगत दर रेपो रेट में 0.25-0.25 फीसदी तक की बढ़ोतरी का अनुमान जताया है।

आरबीआई ने अगस्त में हुई पिछली एमपीसी बैठक में रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर बरकरार रखा था। साल 2025 में रेपो रेट में कुल 1.25 फीसदी की कटौती करने के बाद केंद्रीय बैंक ने पिछली चार लगातार बैठकों में रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर स्थिर रखा था। हालांकि, अब वैश्विक और घरेलू आर्थिक परिस्थितियों के कारण वर्ष 2023 के बाद पहली बार नीतिगत ब्जाज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट्स की वृद्धि होने के मजबूत संकेत मिल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0