
भावनगर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात के भावनगर-तलाजा-सोमनाथ हाइवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रापज गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे एक तेज रफ्तार से बोलेरो घुस गई। हादसे की तस्वीरें
सीसीटीवी से सामने आई हैं।
बताया गया है कि बोलेरो में सवार लोग सुबह शिप ब्रेकिंग यार्ड में काम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो पीछे की तरफ से ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों की जान चली गई। इन मृतकों की पहचान विजयभाई, साधुभाई, जिगेशभाई, भार्गव भाई, हिरनभाई और योगेशभाई के रूप में बताई गई है जबकि हादसे में घायल जयेश भाई को गंभीर हालत में पहले भावनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया था। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें शहर के निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
बताया गया कि तलाजा तहसील के ट्रापज गांव के पास ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था। ट्रेलर का चालक चाय पीने के लिए वाहन से नीचे उतरा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बताया की सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे