
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनाध्यक्ष के रूप में कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम मेंएक भव्य कार्यक्रम आयाेजित किया जाएगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है जिसके अंतर्गत राजधानी दिल्ली, प्रधानमंत्री माेदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तथा उनके जन्मस्थान वड़नगर में भी विशेष आयोजन किये जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। करीब 13 साल के कार्यकाल के बाद वह 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने।इसी के साथ उनके शासन प्रमुख के रूप में कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
इस अवसर पर दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। वहीं गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सेवा यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा सीट वाराणसी में भी 7 अक्टूबर को बड़े कार्यक्रम का आयोजन होगा। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दिल्ली के कार्यक्रम के बाद शाम को काशी पहुंचेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वाराणसी में नितिन नबीन के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी के मौजूद रहने का कार्यक्रम है। वाराणसी में आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और सेवा संकल्प यात्रा में शामिल प्रतिभागियों के जुटने की तैयारी है।
वाराणसी पहुंचने वाली सेवा संकल्प यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा वडनगर से काशी तक की यात्रा है। करीब 500 प्रतिभागियों के काशी पहुंचने और बाबा विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने का कार्यक्रम है। इसके बाद जगतपुर में जनसभा आयोजित की जाएगी। वडनगर और वाराणसी को जोड़ने वाली सेवा संकल्प यात्रा को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान और उनके संसदीय क्षेत्र के बीच प्रतीकात्मक जुड़ाव के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों दिशाओं में चल रही यात्राएं 7 अक्टूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर में भी 7 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम होगा। वहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी और वडनगर में आयोजित कार्यक्रमों से जुड़ेंगे। इस दौरान उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को केंद्र में रखते हुए सेवा, संगठन और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों को रेखांकित किया जाएगा।
भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया था। अभियान के तहत देशभर में सेवा गतिविधियां, जनसंपर्क कार्यक्रम और विभिन्न यात्राएं आयोजित की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया