
- एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ी विवेक सागर, जय मीणा और योगेश चौधरी से मिले खेल मंत्री सारंग
भोपाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भोपाल में एशियन गेम्स-2026 की भारतीय पुरूष हॉकी टीम के स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी विवेक सागर, सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक प्राप्त करने वाले जय मीणा तथा एशियन गेम्स में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले योगेश चौधरी से भेंट की। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि अपनी प्रतिभा, लगन और अथक परिश्रम से इन खिलाड़ियों ने देश और मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
मंत्री सारंग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों की सफलता न केवल उनकी मेहनत और जज्बे का परिणाम है। यह उनके परिवार और प्रशिक्षक के समर्पण का भी नतीजा है। यह सफलता प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले समय में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। मंत्री सारंग ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि देश और मध्य प्रदेश को इनकी उपलब्धियों पर गर्व है।
स्वर्ण पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के सदस्य हैं मप्र पुलिस के डीएसपी विवेक सागर
20वें एशियाई खेल आइची-नागोया, जापान में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। गत 3 अक्टूबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मलेशिया को 5-1 से पराजित कर एशियाई खेलों में लगातार दूसरी बार हॉकी का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्वर्णिम सफलता के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई किया।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम की इस ऐतिहासिक जीत में मध्यप्रदेश पुलिस के उप पुलिस अधीक्षक विवेक सागर प्रसाद भी टीम के सदस्य के रूप में शामिल रहे। टीम के मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद ने पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम के साथ अपने खेल कौशल और योगदान से देश की स्वर्णिम सफलता में सहभागिता की।
इटारसी क्षेत्र के चांदौन निवासी विवेक सागर प्रसाद वर्ष 2021 में मध्य प्रदेश पुलिस में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त हुए। इससे पूर्व वे टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम, 19वें एशियन गेम्स 2023 में स्वर्ण पदक, पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक तथा कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के भी सदस्य रहे हैं।
भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि पर मध्य प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने पूरी भारतीय पुरुष हॉकी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने टीम के सदस्य एवं मध्य प्रदेश पुलिस में पुलिस उप अधीक्षक विवेक सागर प्रसाद को भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का हिस्सा बनने पर बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर