'राष्ट्रीय डाक सप्ताह' 9 से 15 अक्टूबर तक चलेगा

06 Oct 2026 18:32:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। डाक विभाग (डीओपी) आगामी 9-15 अक्टूबर तक 'राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026' का आयोजन करेगा। सप्ताहभर चलने वाले इस समारोह की शुरुआत 9 अक्टूबर को 'विश्व डाक दिवस' के साथ होगी।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार इस वर्ष विश्व डाक दिवस का मुख्य विषय 'विश्व डाक दिवस: एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं' होगा। इसका उद्देश्य डाक सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, सुलभ और नागरिकों की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप ढालने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करना है।

विभाग के मुताबिक, 'एन-जेन पोस्ट ऑफिस' और 'जन सेवा कनेक्ट पोस्ट ऑफिस' जैसी पहलों के माध्यम से डाकघरों को आधुनिक और समावेशी सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही 'डाक सेवा ऐप' और 'डाक मित्र ऐप' जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म आमजन तक सेवाओं की पहुंच को आसान बना रहे हैं। यह सप्ताह वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण और नवाचार में इंडिया पोस्ट की भूमिका को प्रदर्शित करेगा।

समारोह के दौरान प्रत्येक दिन विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें विश्व डाक दिवस (09 अक्टूबर), फन विद फिलाटेली डे (12 अक्टूबर), वित्तीय समावेशन एवं सीसीएस दिवस (13 अक्टूबर), डाक एवं पार्सल दिवस (14 अक्टूबर) और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस (15 अक्टूबर) शामिल हैं।

राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 इंडिया पोस्ट की ऐतिहासिक विरासत का उत्सव मनाने के साथ-साथ इसे एक तकनीक-सक्षम, नागरिक-केंद्रित और भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार नेटवर्क के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0