उत्तर रेलवे ने फिरोजपुर और अंबाला मंडल में सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुधार शिविर का किया आयोजन

06 Oct 2026 19:02:53
सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुधार शिविर आयोजित।


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे ने 2×25 केवी विद्युतीकरण उन्नयन कार्यों के दौरान सुरक्षा, गुणवत्ता और कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए फिरोजपुर और अंबाला मंडलों में सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुधार शिविर आयोजित किया।

फिरोजपुर मंडल का शिविर जालंधर में आयोजित हुआ, जिसमें रेलवे, प्रोजेक्ट यूनिट और ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी) विभाग के 123 कर्मचारियों ने भाग लिया। शिविर में फाउंडेशन कास्टिंग के दौरान सुरक्षा सावधानियों और गुणवत्ता जांच का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

अंबाला मंडल में दिल्ली जंक्शन-अंबाला कैंट और सानेहवाल-सहारनपुर सेक्शन में ओएचई एवं पावर सप्लाई इंस्टालेशन के उन्नयन पर केंद्रित शिविर आयोजित किया गया। इसमें 119 कर्मचारियों और 12 अधिकारियों समेत 131 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

दोनों शिविरों में रेलवे ट्रैक के निकट क्रेन, जेसीबी और एक्सीवेटर के सुरक्षित संचालन, पटरियों एवं सिग्नलिंग-टेलीकॉम प्रणालियों की सुरक्षा तथा सुरक्षित ट्रेन परिचालन पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान फाउंडेशन कास्टिंग, मस्तूल निर्माण, अलाइनमेंट, ग्राउटिंग, फीडर वायर लगाने और बरीड अर्थ कंडक्टर बिछाने से जुड़ी सुरक्षा एवं गुणवत्ता आवश्यकताओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रतिकूल मौसम में सावधानियां, आपातकालीन प्रतिक्रिया, दुर्घटना की सूचना देने और बचाव कार्यों की प्रक्रियाओं के बारे में भी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।

उत्तर रेलवे के इन प्रयासों का उद्देश्य बुनियादी ढांचे के उन्नयन कार्यों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करना तथा रेलकर्मियों में सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0