विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय निदेशक पद के लिए चुनाव में नेपाल डॉ. संगीता कौशल मिश्रा को उतारेगा

06 Oct 2026 11:14:53
डा संगीता मिश्रा, नेपाल स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव


काठमांडू, 06 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। सरकार ने स्वास्थ्य तथा खाद्य सुरक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव डॉ. संगीता कौशल मिश्रा को इस पद के लिए उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।

यह पद बांग्लादेश की पूर्व क्षेत्रीय निदेशक साइमा वाजेद के इस्तीफे के बाद रिक्त हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने मिश्रा की उम्मीदवारी आगे बढ़ाने का फैसला किया है और सदस्य देशों का समर्थन हासिल करने के लिए कूटनीतिक प्रयास भी शुरू कर दिए हैं।

डब्ल्यूएचओ नए क्षेत्रीय निदेशक के चुनाव का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित करने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, 12 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने और 24 जनवरी को चुनाव होने की संभावना है। नेपाल के अलावा भूटान, मालदीव और श्रीलंका भी अपने-अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहे हैं।

डब्ल्यूएचओ के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में कुल 11 सदस्य देश हैं। हालांकि, इस बार 10 देशों के ही मतदान में हिस्सा लेने की संभावना है। 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद संयुक्त राष्ट्र द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण म्यांमार मतदान प्रक्रिया से बाहर रहेगा।

नेपाल, भारत, भूटान, उत्तर कोरिया, मालदीव, श्रीलंका, थाईलैंड और तिमोर-लेस्ते सहित सदस्य देशों के वोट इस चुनाव में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि भारत का रुख चुनाव के नतीजे पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “मंत्रिपरिषद ने उन्हें क्षेत्रीय निदेशक पद के उम्मीदवार के रूप में नामित करने का फैसला किया है। अब हमने सदस्य देशों से वोट और समर्थन हासिल करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।”

नेपाल ने इससे पहले 2023 में क्षेत्रीय निदेशक पद के चुनाव में डब्ल्यूएचओ मुख्यालय में कार्यरत वरिष्ठ जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. शम्भू आचार्य को उम्मीदवार बनाया था। उस चुनाव में साइमा वाजेद को आठ वोट मिले थे, जबकि आचार्य को दो वोट मिले थे।

बाद में बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव, भ्रष्टाचार के आरोपों और डब्ल्यूएचओ की आंतरिक जांच के बाद वाजेद को निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने 9 सितंबर को क्षेत्रीय निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0