जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित के सम्मान में अमेरिकी संसद में प्रस्ताव

06 Oct 2026 22:26:53

वाशिंगटन, 06 अक्टूबर (हि.स.)। फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 को संभावित बड़े आतंकी हमले से बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के अदम्य साहस और सूझबूझ की अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में सराहना की गई है। अमेरिकी सांसदों ने उनके सम्मान में एक प्रस्ताव पेश करते हुए विमान के चालक दल और यात्रियों के साहस की भी प्रशंसा की है। साथ ही घटना को अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन की सुरक्षा के खिलाफ आतंकवादी कृत्य बताते हुए इसकी निंदा की गई है।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में पेश प्रस्ताव में कहा गया है कि 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान 1073 दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इजराइल के तेल अवीव स्थित बेन गुरियन हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई थी। विमान में करीब 174 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश इजराइली नागरिक थे। इनमें चार अमेरिकी नागरिक और 27 बच्चे भी शामिल थे।

प्रस्ताव के अनुसार, उड़ान के बीच में प्रथम अधिकारी ने कॉकपिट में कप्तान स्मित मच्छर पर विमान के आपातकालीन अग्निशमन उपकरण से हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने का प्रयास किया। इस दौरान विमान 30 सेकंड से भी कम समय में 14 हजार फीट से अधिक नीचे आ गया।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने हमलावर का मुकाबला किया और अपनी बची हुई ताकत का इस्तेमाल करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इससे विमान में मौजूद ऑफ-ड्यूटी पायलट कॉकपिट में प्रवेश कर सके और विमान को संभालने में मदद मिली। चालक दल और यात्रियों ने भी प्रथम अधिकारी को काबू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों का पता लगा लिया गया।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के प्रस्ताव में कैप्टन मच्छर के “असाधारण साहस” की सराहना करते हुए कहा गया कि उन्होंने विमान में सवार हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। प्रस्ताव में ऑफ-ड्यूटी पायलटों, केबिन क्रू और यात्रियों के साहस की भी प्रशंसा की गई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0