चाइना ओपन: अलेक्जेंड्रोवा ने नोसकोवा को हराकर किया उलटफेर, एंड्रीवा भी क्वार्टर फाइनल में

06 Oct 2026 15:14:53
रूस की एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा


बीजिंग, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रूस की एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा ने मंगलवार को चाइना ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल में चेक गणराज्य की लिंडा नोसकोवा को 6-2, 6-2 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के साथ अलेक्जेंड्रोवा ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां उनका सामना हमवतन मिर्रा एंड्रीवा से होगा।

19वीं वरीयता प्राप्त अलेक्जेंड्रोवा ने पांचवीं वरीयता प्राप्त नोसकोवा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। यह शीर्ष 10 में शामिल किसी खिलाड़ी के खिलाफ उनके करियर की 22वीं जीत है। इस जीत के साथ वह पहली बार बीजिंग में चाइना ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं।

31 वर्षीय अलेक्जेंड्रोवा चाइना ओपन के इतिहास में पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं। वह इस टूर्नामेंट के अंतिम आठ में पहुंचने वाली तीसरी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी हैं। उनसे अधिक उम्र में केवल सेरेना विलियम्स और शुआई झांग ही यहां क्वार्टर फाइनल तक पहुंची हैं।

अलेक्जेंड्रोवा ने नोसकोवा के खिलाफ पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और अपनी सर्विस एक बार भी नहीं गंवाई। उन्होंने मौजूदा विंबलडन चैंपियन को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह उनकी सातवीं डब्ल्यूटीए 1000 क्वार्टर फाइनल उपस्थिति और इस सत्र की दूसरी ऐसी उपलब्धि है। इससे पहले वह टोरंटो में डब्ल्यूटीए 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं।

इससे पहले रूस की मिर्रा एंड्रीवा ने भी प्री-क्वार्टर फाइनल में दारिया स्निगुर को 6-2, 6-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना अपनी हमवतन अलेक्जेंड्रोवा से होगा।

जीत के बाद एंड्रीवा ने कहा, “मुझे लगता है कि आज मेरी सर्विस अच्छी थी। मुझे यह भी लगता है कि मैंने अच्छी तरह बचाव किया, क्योंकि वह बहुत आक्रामक खिलाड़ी हैं। मुझे लगा कि आज अच्छा बचाव करना मेरे लिए अच्छा और उपयोगी होगा। मुझे लगता है कि मैंने इन दोनों चीजों को आज सबसे बेहतर तरीके से किया।”

अलेक्जेंड्रोवा के खिलाफ अगले मुकाबले को लेकर एंड्रीवा ने कहा, “एक बात मैं निश्चित रूप से जानती हूं कि मैंने अभी तक उन्हें हराया नहीं है। मैं कॉन्चिता के साथ मिलकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगी कि उनके खिलाफ मैं किस तरह खेलूं, मुझे क्या बदलाव करने चाहिए और मैच में कुछ नया क्या ला सकती हूं। निश्चित तौर पर यह शानदार और मनोरंजक मुकाबला होने वाला है। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मैं नहीं जानती। मैं आखिरकार उनके खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज करने को लेकर काफी उत्साहित हूं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0