डीसीटीआई की पहली बैठक में प्रतिस्पर्धी और एकीकृत वस्त्र मूल्य श्रृंखला पर जोर

06 Oct 2026 18:21:53
वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव के साथ अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली स्थित विज्ञान में मंगलवार को वस्त्र उद्योग विकास परिषद (डीसीटीआई) की आयोजित पहली बैठक में प्रतिस्पर्धी और एकीकृत वस्त्र मूल्य श्रृंखला पर जोर दिया गया।

केन्द्रीय वस्त्र मंत्रालय के अनुसार इसका उद्देश्य देश के वस्त्र, परिधान क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी और एकीकृत बनाना है। इस बैठक की अध्यक्षता वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने की। इस दौरान उद्योग के सुचारू विकास और एक मजबूत मूल्य श्रृंखला (वैल्यू चेन) तैयार करने के लिए भावी रोडमैप पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

नीलम शमी राव ने कहा कि वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र रोजगार सृजन और निर्यात आय के मामले में देश के सबसे बड़े स्तंभों में से एक है। उन्होंने उत्पादन, नवाचार और वैश्विक बाजार पहुंच को मजबूत करने के लिए संपूर्ण मूल्य श्रृंखला में समन्वित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

इसके अलावा, विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इसमें उत्पादन और उत्पादकता, अनुसंधान एवं विकास, निर्यात और बाजार पहुंच, कच्चे माल तथा इनपुट की उपलब्धता, निवेश, कौशल विकास और स्थिरता शामिल है।

प्राथमिकता वाले विषयों पर त्वरित प्रगति और नियमित निगरानी के लिए परिषद ने कार्य समूहों तथा उप-समितियों के गठन पर सहमति व्यक्त की। यह परिषद सरकार को नीतिगत और रणनीतिक हस्तक्षेपों के लिए ठोस सिफारिशें देगी, जिनका मुख्य उद्देश्य घरेलू उत्पादन बढ़ाना, अनुसंधान को औद्योगिक स्तर पर लागू करना, निर्यात में निरंतर वृद्धि दर्ज करना और निवेश तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

बैठक में वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, प्रमुख उद्योग संघ, निर्यात संवर्धन परिषद, अनुसंधान संघ, राज्य सरकार के प्रतिनिधि और क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0