भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में लगेगा ओडीओसी का स्टॉल, यूपी के स्थानीय व्यंजन और उत्पादों को मिलेगा बाजार

06 Oct 2026 16:59:53
एक जनपद एक व्यंजन


नोएडा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ (ओडीओसी) राष्ट्रीय मंच पर दस्तक देने जा रही है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की पारंपरिक पाक कला और स्थानीय स्वाद को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में पहली बार ओडीओसी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 में मंच मिलेगा।

उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अनुसार 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले व्यापार मेले में ओडीओसी का स्टॉल लगाया जाएगा। यहां ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के साथ ओडीओसी के जरिए उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और समृद्ध पाक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा में हाल में आयोजित हुए उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में ओडीओसी को मिले मंच के बाद आईआईटीएफ जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इसकी पहली प्रस्तुति इस पहल के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को व्यापार, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की अपनी विशिष्ट पहचान और पारंपरिक व्यंजन हैं। ओडीओसी की अवधारणा इन्हीं स्थानीय व्यंजनों को वैश्विक पहचान, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने की सोच पर आधारित है। अब तक जहां ओडीओपी के माध्यम से जिलों के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया है, वहीं ओडीओसी स्थानीय स्वाद और परंपराओं को भी इसी व्यापक आर्थिक दृष्टिकोण से जोड़ रहा है। आईआईटीएफ में ओडीओसी के स्टॉल के जरिए प्रदेश की इस विविधता को एक व्यवस्थित मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले आगंतुकों, व्यापारियों, निवेशकों और संभावित खरीदारों को उत्तर प्रदेश के स्थानीय व्यंजनों और उनसे जुड़े उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उत्तर प्रदेश सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार, ब्रांड और व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दे रही है। ओडीओपी इस दिशा में प्रदेश की प्रमुख पहलों में शामिल है। अब ओडीओसी के माध्यम से इसी सोच को विस्तार दिया जा रहा है। आईआईटीएफ में ओडीओपी और ओडीओसी की संयुक्त मौजूदगी से उत्तर प्रदेश के उत्पाद और स्वाद, दोनों को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जा सकेगा। इससे स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों, खाद्य कारोबारियों और संबंधित क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए नए बाजार और व्यापारिक संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो ने उत्तर प्रदेश के उत्पादों को बड़े व्यापारिक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर दिया था। अब उसी क्रम में ओडीओसी को नई दिल्ली के भारत मंडपम तक ले जाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Powered By Sangraha 9.0