
देहरादून, 6 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार रात 4.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके राज्य के कई पर्वतीय क्षेत्रों में महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप से अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप रात 10 बजकर 23 मिनट 13 सेकंड पर आया। इसका केंद्र चमोली जिले में जमीन के भीतर 13 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप का केंद्र 30.103 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.561 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
भूकंप के झटके चमोली के अलावा रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में महसूस किए गए। रात के समय अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई और कई स्थानों पर लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने भूकंप की घटना को दर्ज किया है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।प्रारंभिक जानकारी में राज्य में किसी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं थी। उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। इससे पहले सितंबर में भी उत्तराखंड में कई भूकंपीय घटनाएं दर्ज हुईं। एनसीएस के रिकॉर्ड के मुताबिक 20 सितंबर को पिथौरागढ़ में 2.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। 26 सितंबर को बागेश्वर में 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसके दो दिन बाद 28 सितंबर को ऊधमसिंह नगर में 3.1 तीव्रता की भूकंपीय घटना दर्ज हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय