एयर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइंस ने वाणिज्यिक सहयोग का किया विस्तार

07 Oct 2026 16:29:53
एयर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइंस के वाणिज्यिक सहयोग का जारी तस्वीर


नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। एयर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइंस ने भारत तथा सिंगापुर के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को उड़ानों के अधिक विकल्प देने के मकसद से अपने वाणिज्यिक सहयोग के विस्तार की घोषणा की है।

टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया ने बुधवार को ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि भारत-सिंगापुर के बीच सफर करने वाले अपने ग्राहकों को ज्यादा सुविधा और लचीलापन देने के लिए हम सिंगापुर एयरलाइंस के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को बढ़ा रहे हैं।

एयर इंडिया ने कहा, ‘‘इसमें सिंगापुर और भारत के आठ शहरों, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोच्चि, कोलकाता और मुंबई- के बीच हर हफ्ते 126 उड़ानें शामिल हैं।’’

फिलहाल, सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) के जरिये बुक की जाने वाली एयर इंडिया संचालित पात्र कोड शेयर उड़ान के साथ एसआईए द्वारा संचालित उड़ान को शामिल करना जरूरी है। इसके उलट एयर इंडिया के लिए भी यही नियम है। यह शर्त 15 अक्टूबर से हटा दी जाएगी।

कंपनी ने कहा कि यह विस्तार इस साल जनवरी में हुए वाणिज्यिक सहयोग रूपरेखा समझौते के तहत की गई पहल का हिस्सा है। इससे दोनों एयरलाइन 15 अक्टूबर से अपने-अपने बुकिंग मंच के जरिये यात्रियों को यात्रा कार्यक्रम और उड़ानों के अधिक विकल्प उपलब्ध कराएंगी। इस बेहतर सहयोग से ग्राहकों के लिए दोनों में से किसी भी एयरलाइन की योग्य उड़ानों को दूसरी एयरलाइन के बुकिंग चैनलों के जरिए बुक करना आसान हो जाएगा, जिससे यात्रा की योजना बनाना और भी आसान तथा सुविधाजनक हो जाएगा।

एयर इंडिया ने कहा कि आगे की बात करें तो महाराजा क्लब और क्रिसफ़्लायर के सदस्यों को 2027 की दूसरी तिमाही से बेहतर आपसी फ़ायदे मिलेंगे, जिससे अक्सर यात्रा करने वालों के लिए इसकी अहमियत और बढ़ेगी। इससे बेहतर कनेक्टिविटी, ज्यादा विकल्प और ज्यादा फायदेमंद यात्राएं।

उल्लेखनीय है कि विमानन कंपनी सिंगापुर एयरलाइंस के पास एयर इंडिया की 25.1 फीसदी हिस्सेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0