
नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। काला सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए सिलसिलेवार हमलों की भारत ने निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन घटनाओं में कई भारतीय नाविक प्रभावित हुए हैं और कम-से-कम दो भारतीय घायल हुए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा कि ऐसे हमले वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा हैं। भारत ने नागरिक जहाजों पर हमले तत्काल रोकने और बातचीत तथा कूटनीति के जरिए समाधान की दिशा में लौटने का आह्वान किया।
प्रवक्ता ने बताया कि सबसे पहले वाणिज्यिक एमवी रोयाद मामादोव पर उस समय हमला हुआ जब वह काला सागर में चल रहा था। पोत पर तीन भारतीय नागरिक सवार थे। वे सभी सुरक्षित हैं लेकिन उनमें से एक घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है। दूसरा पोत अल्फा वतन था, जिस पर हमला हुआ। यह टोगो के ध्वज वाला पोत है। इस पर कल हमला हुआ था और इसके चालक दल के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य पोत, पलाऊ का ध्वज वाला एमवी एबल, ड्रोन हमले का शिकार हुआ लेकिन सौभाग्य से चालक दल के सभी 18 सदस्यों को बचा लिया गया, जिनमें सात भारतीय नागरिक हैं। एक भारतीय घायल हो गया है और उसे चिकित्सा सहायता और निगरानी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चौथा पोत भी हमले का शिकार हुआ। यह लाइबेरिया का ध्वज वाला तेल टैंकर, अफ्रामैक्स रियो है। चालक दल के सभी सदस्य भारतीय नागरिक हैं- इस विशेष जहाज पर सवार चालक दल के सभी 23 सदस्य भारतीय नागरिक थे और उन सभी को बचा लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा