
अभिनेता सनी देओल एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'इक्का' के सीक्वल में नजर आएंगे। हालांकि, इस बार फिल्म में अभिनेता अक्षय खन्ना दिखाई नहीं देंगे। इस वर्ष रिलीज हुई 'इक्का' को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म की खास बात यह भी रही कि सनी देओल और अक्षय खन्ना लंबे समय बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आए थे। अब सीक्वल को लेकर नई जानकारी सामने आई है, जिसमें कहानी और कलाकारों को लेकर बदलाव की बात कही जा रही है।
रिपोर्टों के अनुसार 'इक्का-2' की कहानी पहली फिल्म की घटनाओं को सीधे आगे नहीं बढ़ाएगी। इसके बजाय फिल्म एक नई कथा के साथ दर्शकों के सामने आएगी, जिसका केंद्र सनी देओल का किरदार होगा। बताया जा रहा है कि फिल्म की पटकथा पर काम चल रहा है और लेखन का कार्य अंतिम चरण में है। निर्माताओं की योजना अगले वर्ष फिल्म की शूटिंग शुरू करने की है।
फिलहाल सनी देओल अपने अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। वह आगामी फिल्मों 'रामायण' और 'एंटनी' की तैयारियों में जुटे हुए हैं। दूसरी ओर, अक्षय खन्ना भी हालिया सफलताओं के बाद नई फिल्मों के चयन पर ध्यान दे रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, वह अपनी आगामी परियोजना 'महाकाली' सहित अन्य भूमिकाओं पर काम कर रहे हैं। ऐसे में 'इक्का-2' में सनी देओल की वापसी तो तय मानी जा रही है, लेकिन अक्षय खन्ना इस बार इसका हिस्सा नहीं होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे