शेयर बाजार में गिरावट, महंगाई के अनुमान में हुई बढ़ोतरी से लुढ़के सेंसेक्स और निफ्टी

07 Oct 2026 17:56:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की कमजोरी से निवेशकों को लगी 3.76 लाख करोड़ की चपत

नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज गिरावट का शिकार हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति द्वारा रेपो रेट में की गई बढ़ोतरी और महंगाई के अनुमान में हुई बढ़ोतरी की वजह से शेयर बाजार आज बुरी तरह से प्रभावित हुआ। ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका की वजह से शेयर बाजार में आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। हालांकि पहले एक घंटे के कारोबार के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी।

दिन के दूसरे सत्र में बाजार में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी लगातार लाल निशान में ही कारोबार करते रहे। दिनभर की खरीद-बिक्री के बाद सेंसेक्स 0.59 प्रतिशत और निफ्टी 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। बाजार में आई गिरावट के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की लगभग 3.76 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई।

बीएसई का सेंसेक्स आज 102.43 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,965.38 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिर कर 72,520.73 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 12 बजे तक सेंसेक्स काफी हद तक सुधर कर 73,018.82 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी भी बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक 599.09 अंक यानी 0.82 प्रतिशत टूट कर 72,468.72 अंक के स्तर तक चला गया। हालांकि अंतिम समय में हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 170 अंक की रिकवरी कर 429.11 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,638.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 85.65 अंक यानी 0.38 प्रतिशत टूट कर 22,690.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी भी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से पहले घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक 22,578.25 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 12 बजे तक निफ्टी 22,717.65 अंक तक पहुंचने में सफल रहा।

इसके बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण इस सूचकांक ने दोबारा लुढ़कना शुरू कर दिया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री की वजह से यह सूचकांक 229.80 अंक यानी 1.01 प्रतिशत फिसल कर 22,546.30 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 55 अंक से अधिक की रिकवरी कर 173.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,603.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान मीडिया और पीएसयू बैंक सेक्टर को छोड़ कर सारे सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। आज मेटल सेक्टर में सबसे अधिक बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से बीएसई का मेटल इंडेक्स 2.46 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह बिकवाली के दबाव में बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 1.83 प्रतिशत टूट गया, जबकि निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 1.58 प्रतिशत गिर गया। इसी तरह आईटी इंडेक्स 1.34 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया।

इसके अलावा कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके विपरीत स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने चार लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 470.99 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 474.75 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,614 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,013 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,360 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 241 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,292 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,377 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,915 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से चार शेयर बढ़त के साथ और 26 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से नौ शेयर हरे निशान में और 41 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोटक महिंद्रा 1.88 प्रतिशत, बीएसई लिमिटेड 1.54 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.29 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.09 प्रतिशत और कोल इंडिया 0.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाइटन कंपनी 3.80 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.75 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.15 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 2.35 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0