शुरुआती कारोबार में निचले स्तर से लिवाली, संभला शेयर बाजार

07 Oct 2026 10:49:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से रिकवर करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल और कमजोर हो गई। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा। सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की कमजोरी मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 102.43 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,965.38 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से पहले आधे घंटे में ही यह सूचकांक गिर कर 72,520.73 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इसकी चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 142 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,925.81 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 85.65 अंक यानी 0.38 प्रतिशत टूट कर 22,690.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल की कमजोरी भी बढ़ती चली गई। सुबह 10 बजे तक के कारोबार में यह सूचकांक 22,578.25 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद बाजार में खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 87.90 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,688.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,978 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,247 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,731 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से पांच शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 25 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से आठ शेयर हरे निशान में और 42 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से कोटक महिंद्रा, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, भारती एयरटेल और कोल इंडिया के शेयर 1.52 प्रतिशत से लेकर 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टाइटन कंपनी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एशियन पेंट्स, बजाज ऑटो और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 3.69 प्रतिशत से लेकर 1.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 685.34 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,067.81 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 220.35 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,776.10 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0