दो महीने बाद फिर कोलकाता लौटीं तस्लीमा नसरीन

07 Oct 2026 18:22:53
तस्लीमा नसरीन


कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि.स.)। बांग्लादेश की निर्वासित लेखिका तस्लीमा नसरीन दो महीने के बाद बुधवार को फिर कोलकाता लौटीं। उन्होंंने कहा कि कोलकाता की दुर्गा पूजा उनके दिल के बहुत करीब है। हालांकि उन्होंने अफसोस जताया कि वह इस साल पूजा के दौरान यहां नहीं रुक पाएंगी, लेकिन उन्होंने वादा किया कि अगले साल से वह दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता में ही रहेंगी।

कोलकाता हवाईअड्डे पर पहुंचने पर तस्लीमा नसरीन का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उनको मां दुर्गा की एक तस्वीर भी भेंट की गई।

इस अवसर पर उन्होंने पड़ोसी देश बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान होने वाले हमलों और मूर्ति तोड़ने जैसी गतिविधियों की कड़ी निंदा की। उन्होंने तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की।

तस्लीमा ने कहा कि वर्तमान सरकार जिस तरह से चरमपंथियों को पनाह दे रही है, अगर यह सिलसिला इसी तरह चलता रहा, तो इन गतिविधियों को रोक पाना असंभव हो जाएगा। सरकार को इन चरमपंथियों और उपद्रवियों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के बेहद सख्त कदम उठाने होंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0