देश की जनता जानती है कि कौन झूठ बोलकर कर रहा है नाटक : राजनाथ सिंह

07 Oct 2026 21:05:53
गाजियाबाद में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राज नाथ सिंह


गाजियाबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गाजियाबाद में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वे लोग बिना मतलब के मुद्दे बना रहे हैं, ताकि भ्रम की स्थिति पैदा हो सके। लेकिन, देश के किसान, युवा और मजदूर को सच और झूठ का पता है। देश की जनता जानती है कि झूठ बोलकर कौन नाटक रहा है।

राजनाथ सिंह बुधवार को घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित 25 साल जनसेवा से राष्ट्रीय सेवा विकसित भारत संकल्प सभा सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ करने आए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। प्रधानमंत्री देश और समाज को आगे बढ़ाने के लिए राजनीति कर रहे हैं। देश में इस तरह की राजनीति होनी चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा 2014 से पहले राजनीति अर्थ खो चुकी थी। लोग स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहे थे। राजनीति का मतलब सरकार बनाने का ही नहीं बल्कि देश को आगे ले जाने का माध्यम है। राजनाथ सिंह ने विपक्ष का नाम लिए बगैर कहा कि इस समय देश में बिना मतलब का माहौल बनाया जा रहा है। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि देश की जनता झूठ और सच जानती है। उन्होंने कहा गांव का किसान और मजदूर आर्थिक रूप से कमजोर हो सकता है लेकिन वह राजनीतिक दृष्टि से कमजोर नहीं हैं। वह सही तथ्य जानते हैं कि कौन नाटक कर रहा है। कलश यात्रा घंटाघर रामलीला मैदान से शुरू होकर जिले की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर समाप्त हुई।

राजनाथ सिंह ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के कार्यकाल में उनके दामन पर भ्रष्टाचार के दाग नहीं लगे हैं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीर्घायु हों। वह लंबे समय तक देश के प्रधानमंत्री के पद पर बने रहे। साथ ही राजनाथ सिंह ने कहा कि गलती होने पर उसे सुधार लेंगे और माफी भी मांग लेंगे।रक्षा मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहते हुए 25 साल से देश के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने एक दिन की छुट्टी भी नहीं ली क्योंकि देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्रीय बनाना है। उन्होंने कहा 12 साल पहले भारत अर्थव्यवस्था के मामले में देश के 12वें नंबर पर आता था, लेकिन आज विश्व में शीर्ष पांच अर्थव्यवस्था वाले देशों में गिनती होती है। विश्व के बड़े देश जब आर्थिक संकट से जूझ रहे थे उस वक्त भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही थी।

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत अलग जगह बना रहा है। मंचों पर भारत बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है। 12 साल पहले यह चिंता होती थी कि कोई देश बुरा न मान जाए। लेकिन नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की बात सुनी जा रही है। कोई देश नाराज हो जाए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। अब हर मंच पर भारत की बात सुनी जा रही है।

राजनाथ सिंह ने युवाओं को भी साधा। उन्होंने कहा वर्ष 2014 से पहले युवाओं को शैक्षिक दस्तावेज सत्यापित कराने के लिए सांसद, विधायकों और अधिकारियों के पास जाते थे। इस व्यवस्था को प्रधानमंत्री ने खत्म किया।लोगों की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री ने कई नियम बदल डाले। उन्होंने कहा कि पहले छोटी से गलती के लिए युवाओं को दंडित किया जाता था। बच्चे हैं एक दो बार गलती हो जाती है। प्रधानमंत्री ने भी गलती करने वाले युवाओं को माफ किया है।

इस अवसर पर यूपी के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, महापौर सुनीता दयाल, सांसद अतुल गर्ग, विधायक अजीतपाल त्यागी, संजीव शर्मा, मंजू सिवाच, नंदकिशोर गुर्जर, दिनेश गोयल और भाजपा के महानगर प्रभारी अशोक कटारिया, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिला अध्यक्ष चैनपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Powered By Sangraha 9.0