पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे में पहले दिन बर्दवान पहुंचे संघ प्रमुख डॉ. भागवत, संगठन विस्तार पर होगी चर्चा

08 Oct 2026 15:21:53
मोहन भागवत का स्वागत करने पहुंचे संगठन के सदस्य


बर्दवान, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत गुरुवार को पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। दौरे के पहले दिन आज बर्दवान में आयोजित बैठक के लिए वे यहां पहुंचे। बैठक में संघ के संगठनात्मक विस्तार और आगामी वर्षों की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। डॉ. भागवत का यह दौरा संगठन की आगे की दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कोलकाता पहुंचने के बाद मोहन भागवत बर्दवान शहर स्थित संघ कार्यालय पहुंचे, जहां प्रांत अधिकारियों के साथ उनकी बैठक होगी। बैठक के दौरान संघ के संगठनात्मक कामकाज, शाखाओं के विस्तार और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है।

बर्दवान में उत्तर बंगाल, मध्य बंगाल और दक्षिण बंगाल प्रांत के विभाग स्तर तथा क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ भागवत की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में पिछले एक वर्ष के दौरान शुरू हुई नई शाखाओं, ग्रामीण क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच और आगामी सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होने की संभावना है।

बैठक के दौरान मोहन भागवत मध्य बंगाल के एक विभाग के स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण को भी संबोधित करेंगे। इसके जरिए संघ के जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन के कार्यों और भविष्य की प्राथमिकताओं पर संदेश देने की तैयारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Powered By Sangraha 9.0