सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय हुआ ब्लास्ट, सीआरपीएफ के 4 जवान घायल, 2 की हालत गंभीर

08 Oct 2026 22:21:53
घायल जवानों को कोंटा के सरकारी अस्पताल ले जाने पहुंची एम्बुलेंस


रायपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटकों को नष्ट करते समय हुए एक आकस्मिक ब्लास्ट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) के 4 जवान घायल हो गए हैं। जिनमें से 2 जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है। बस्तर आईजी ने सुकमा में हुए इस हादसे की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुकमा के विभिन्न कैंपों (पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलामडगु) में जमा अनुपयोगी, खराब और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम एलामडगु कैंप पहुंची थी। थाना भेज्जी क्षेत्र में कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों के तहत विनष्टीकरण की प्रक्रिया चल रही थी।इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक एक विस्फोटक का अंश उड़कर पास में जा गिरा, जिससे वहाँ आकस्मिक ब्लास्ट हो गया और ड्यूटी पर तैनात जवान इसकी चपेट में आ गए।

बस्तर आईजी ने स्पष्ट किया है कि सभी जवान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 50वीं वाहिनी और जगदलपुर से आई एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम के सदस्य हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में एटीटी टीम के एएसआई एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी सीआरपीएफ के एएसआई अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं एटीटी के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं।सभी घायलों को शासकीय अस्पताल कोंटा में भर्ती कराया गया है।गंभीर रूप से घायल जवानों को आवश्यकतानुसार रायपुर रेफर किया जा रहा है ।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Powered By Sangraha 9.0