लंच के बाद राहुल गांधी समेत इंडी गठबन्धन के सांसद राजघाट पहुंचे, चुनाव आयोग के खिलाफ लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन

08 Oct 2026 20:35:53
Rahul Gandhi wrote an article in the newspaper


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी दिल्ली का सियासी तापमान इन दिनों दोपहर होते-होते अचानक बढ़ जाता है। वजह है मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन, जो गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। इसी क्रम में

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से आयोजित लंच के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद तीन बसों में सवार होकर राजघाट पहुंचे।

राजघाट पहुंचकर विपक्षी नेताओं और सांसदों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस की ओर से इस प्रदर्शन को शांतिपूर्ण विरोध के तौर पर पेश किया गया। इससे पहले मीडिया से बात करते हुए खड़गे ने कहा था कि विपक्षी सांसद राजघाट जाकर महात्मा गांधी से प्रार्थना करेंगे।

विपक्षी दलों का मुख्य आरोप मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनावी प्रक्रिया को लेकर है। विपक्षी नेताओं ने इन मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है। वहीं, निर्वाचन आयोग और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।

इससे पहले मंगलवार और बुधवार को भी विपक्षी सांसदों ने दिल्ली में प्रदर्शन किया था। बुधवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों को जंतर-मंतर की ओर जाने के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया था। गुरुवार को भी दिल्ली पुलिस ने राजघाट पर भीड़ जुटाने को लेकर प्रतिबंध लगाए थे। इसके बावजूद विपक्षी सांसद और उनके समर्थक वहां पहुंचे और अपना विरोध दर्ज कराया।

राहुल गांधी और विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर उनकी आपत्तियों का समाधान किया जाना चाहिए। विपक्ष ने संकेत दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस तरह ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार, निर्वाचन आयोग और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। विपक्ष जहां अपने विरोध को लोकतांत्रिक अधिकार बता रहा है, वहीं भाजपा और निर्वाचन आयोग विपक्ष के आरोपों को खारिज कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0